Nishan Publication

संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने तेज की संगठन मजबूत करने की कवायद

-जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने लिए आवेदन पत्र, 19 ब्लॉकों में होगा संवाद

सीतापुर (निशान न्यूज) कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ऑब्जर्वर अनंत दहिया एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के ऑब्जर्वर बृज मौर्या ने जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी।
ऑब्जर्वर अनंत दहिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाना तथा जिले के लिए सक्षम, सक्रिय और सर्वस्वीकार्य जिला कांग्रेस अध्यक्ष का चयन करना है। इसके लिए जिले की सभी विधानसभाओं, 19 ब्लॉकों और शहर के सभी वार्डों में पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं, पुराने कार्यकर्ताओं एवं नए साथियों से संवाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों के लिए पार्टी की ओर से निर्धारित आवेदन प्रपत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रेस वार्ता के बाद करीब दो दर्जन कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आवेदन पत्र प्राप्त किए।
PCC ऑब्जर्वर बृज मौर्या ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं के सुझावों और सहभागिता के आधार पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
दोनों ऑब्जर्वर्स ने बताया कि आगामी आठ दिनों में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीतापुर में करीब 12 दिनों के प्रवास के दौरान संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post