Nishan Publication

अनुमति न मिलने के बावजूद मझगवां पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद

-प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा- मुकदमों से डरने वाले नहीं

सीतापुर (निशान न्यूज) रामपुर मथुरा क्षेत्र के मझगवां गांव में प्रस्तावित सम्राट अशोक स्मृति द्वार एवं संविधान पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद गुरुवार को गांव पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
बताया गया कि मझगवां गांव में सम्राट अशोक स्मृति द्वार एवं संविधान पार्क के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने के बाद कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रशासन ने निर्माणाधीन स्मृति द्वार और पार्क को अवैध बताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया तथा संबंधित मामले में कार्रवाई भी की।

गांव पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद ने ग्राम प्रधान के परिजनों से मुलाकात की और बाद में आयोजित सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्मृति द्वार के माध्यम से सम्राट अशोक, डॉ. भीमराव आंबेडकर, कांशीराम समेत विभिन्न महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बहुजन समाज अपने महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और कानून के दायरे में रहकर अपनी लड़ाई लड़ना जानती है तथा मुकदमों से डरने वाली नहीं है।

कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर, प्रदेश सचिव इमरान खान, जिला अध्यक्ष विश्वदीप चौधरी, संतोष सिंह, वीरेंद्र विक्रम सिंह, सुपेंद्र आजाद, अरुण कुमार राज, मोनू कुमार, निर्मल पासी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post