-कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने की घोषणा
सीतापुर (निशान न्यूज) आजाद समाज पार्टी (कांशीराम यूनिट) द्वारा शहर के मुस्कान गेस्ट हाउस में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं लखनऊ मंडल की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी सुनील कुमार चित्तौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने अंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुनील कुमार चित्तौड़ ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा निःशुल्क की जाएगी तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
प्रदेश सचिव इमरान खान ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का लक्ष्य लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है।
जिलाध्यक्ष विश्वदीप चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बहुजन समाज को संगठित होकर पार्टी को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री यशवंत मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर, जोन प्रभारी मानस राय, मुख्य मंडल प्रभारी अरविंद राजवंशी, मंडल प्रभारी अनीस गाजी, प्रदेश कोर कमेटी सदस्य डॉ. संतोष सिंह, मंडल प्रभारी विजय धनगर, जिला प्रभारी सुपेंद्र आजाद, विधानसभा प्रभारी विनीता राजवंशी, पूजा वर्मा, राजेश चौधरी, जिला विधिक सलाहकार एडवोकेट अरुण कुमार राज, जिला प्रभारी अजीत भारती, राजकुमार गौतम, अरुण बॉस, मोनू चौधरी, बाबू गौतम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।