सीतापुर (निशान न्यूज) समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल शनिवार को सीतापुर सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिलवारा राजापुर पहुंचे, जहां उन्होंने एटीसी कमांडेट के सरकारी आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए शैलेंद्र पाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिवंगत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों ने शैलेंद्र पाल की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस पर श्याम लाल पाल ने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई किसी भी नागरिक की मृत्यु गंभीर मामला है। यदि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं तो प्रशासन को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करानी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए सरकार से एक सरकारी आवास उपलब्ध कराने की भी मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र, नौजवान और किसान सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस दौरान मास्टर सुरेश यादव ने शैलेंद्र पाल के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, रामहेत भारती, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, रमेश राही, पूर्व मंत्री कमलेश यादव, दिग्विजय सिंह देव, अनस खान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।