-संविधान बचाओ संवाद रैली में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेसियों ने भरी हुंकार
मंच से प्रदेश के शीर्ष कांग्रेसी नेताओं ने योगी सरकार और भाजपा की नीतियों पर तीखे प्रहार किए तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता को एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।
सीतापुर (निशान न्यूज) ‘संविधान बचाओ संवाद रैली’ कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन साबित हुई। बारिश और खराब मौसम के बावजूद उमड़े भारी जनसैलाब ने कांग्रेस के प्रति जनसमर्थन का स्पष्ट संदेश दिया।
मंच से प्रदेश के शीर्ष कांग्रेसी नेताओं ने योगी सरकार और भाजपा की नीतियों पर तीखे प्रहार किए तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता को एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि यह विशाल भीड़ इस बात का सबूत है कि योगी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। जनता अब तानाशाही और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ जाग चुकी है। बदलाव का वक्त आ गया है।
सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने योगी सरकार के बुलडोजर एक्शन पर करारा हमला करते हुए कहा कि अब जनता का बुलडोजर चलेगा और यह बुलडोजर तानाशाही के किले को तोड़ेगा। यह रैली संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की हुंकार है।
वहीं सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि यह संवाद रैली भाजपा के विनाश का प्रमाण बनेगी। जनता को अब समझ आ गया है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा कैसे करनी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने आक्रामक तेवर में कहा इस रैली का संदेश साफ है – अब वोट चोरों को प्रदेश से खदेड़ना है। जनता अब अपने वोट की ताकत से जवाब देगी।
कार्यक्रम के संयोजक रत्नम राठौर ने मंच से आए जनसैलाब का धन्यवाद करते हुए कहा कि इतने खराब मौसम में भी हजारों लोगों का पहुंचना बताता है कि यह रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, दिल का रिश्ता है।
रैली में मौजूद भीड़ ने "संविधान बचाओ – देश बचाओ" और "तानाशाही हटाओ – लोकतंत्र बचाओ" जैसे नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया। इस मौके पर अनुपम राठौर, सुनीता चौधरी, जिला अध्यक्ष ममता वर्मा, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह यादव, डॉ. ब्रज बिहारी, शिव प्रकाश, सुनीला रावत, अंकित कुमार भार्गव, हसीना खातून और अनुपमा द्विवेदी समेत हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।