Nishan Publication

नंदी ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए की जनसभाएं, विकास के नाम पर मांगा समर्थन

सीतापुर (निशान न्यूज) नगर निकाय उपचुनाव को लेकर जिले की सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी ताकत झोंक दी है। प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने मंगलवार को महमूदाबाद और मिश्रिख में चुनावी सभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाया।

महमूदाबाद में आयोजित सभा में मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास के हर क्षेत्र में कार्य कर रही है, लेकिन नगर निकायों में भाजपा का बोर्ड न होने के कारण योजनाओं का पूरा लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने कहा कि महमूदाबाद में अब तक समाजवादी पार्टी का शासन रहा, जिससे विकास बाधित रहा है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी संजय वर्मा को विजयी बनाने की अपील करते हुए 'ट्रिपल इंजन सरकार' की बात कही।

सभा में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मयंकेश्वरशरण सिंह ने भी संजय वर्मा के समर्थन में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को समर्थन देकर जनता को नगर विकास में भागीदार बनना चाहिए।

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं निवर्तमान सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि महमूदाबाद में कमल खिलते ही नगर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार विकास की गारंटी है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पार्टी की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी और उपस्थित जनसमूह से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।

सभा को मिश्रिख सांसद अशोक रावत, एमएलसी पवन सिंह चौहान, विधायक आशा मौर्य, विधायक ज्ञान तिवारी, विधायक निर्मल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

मिश्रिख में भी भाजपा प्रत्याशी सीमा भार्गव के समर्थन में जनसभा

इसके बाद मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मिश्रिख में भाजपा प्रत्याशी सीमा भार्गव के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि भाजपा को जिताने से ही नैमिष व मिश्रिख क्षेत्र में तेज़ी से विकास हो सकेगा। उन्होंने स्थानीय जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव के अंतिम दिनों में जनसंपर्क को और गति दें और हर मतदाता तक पहुंच बनाएं।

सभा में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे, जिला उपाध्यक्ष नीरज वर्मा झल्लर, विधायक रामकृष्ण भार्गव, प्रत्याशी सीमा भार्गव समेत भाजपा नेताओं ने मिश्रिख में कमल खिलाने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post