Nishan Publication

आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 75 बालिकाएं सम्मानित

-भाजपा नेता सागर गुप्ता ने उपहार भेंट कर बढ़ाया उत्साह

सीतापुर (निशान न्यूज) विकास खंड खैराबाद के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर खुर्द में गुरुवार को 48 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं समाजसेवी सागर गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 75 बालिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

विद्यालय की खेल शिक्षिका नाजिया सिद्दीकी ने 48 दिनों तक बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए। प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करना था।

कार्यक्रम के दौरान सागर गुप्ता ने बालिकाओं से संवाद कर प्रशिक्षण के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बेटियों का शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होना सशक्त समाज की पहचान है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं में अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए तैयार होती हैं। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शारदानंद यादव, सहायक अध्यापक रामबालक पटेल, सहायक अध्यापिका नेहा निगम, सोनिया सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post