Nishan Publication

खैराबाद नगर पालिका बोर्ड बैठक में गरमाया माहौल


-सांसद की मौजूदगी में सभासद प्रतिनिधि के अध्यक्ष की ओर बढ़ने से मचा हड़कंप, नजूल विवाद की पुरानी तल्खी फिर आई सामने

सीतापुर (निशान न्यूज) नगर पालिका परिषद खैराबाद की बोर्ड बैठक शुक्रवार को उस समय हंगामेदार हो गई, जब सीतापुर सांसद राकेश राठौर की मौजूदगी में कमालसराय वार्ड के सभासद प्रतिनिधि जहीर अपनी सीट से उठकर पालिका अध्यक्ष की टेबल की ओर बढ़ने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बैठक में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला


बोर्ड बैठक में नगर के विकास कार्यों समेत विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान सभासद प्रतिनिधि के अध्यक्ष की ओर बढ़ने से वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों में हलचल मच गई। सांसद की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम को लेकर पालिका की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई।

नजूल कार्रवाई के बाद से बढ़ी तल्खी

बताया जाता है कि नगर में नजूल भूमि को लेकर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद से पालिका अध्यक्ष और कुछ सभासदों के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई है। नजूल प्रकरण में कुछ सभासदों के नाम सामने आने के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनातनी की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। शुक्रवार की बोर्ड बैठक में हुआ घटनाक्रम भी इसी पुरानी तल्खी से जोड़कर देखा जा रहा है।

अध्यक्ष प्रतिनिधि ने लगाए गंभीर आरोप

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए इसे अध्यक्ष को निशाना बनाने की साजिश बताया। उनका आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर पालिका की बोर्ड बैठक का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष और उनका परिवार किसी दबाव में आने वाला नहीं है तथा विकास कार्यों को प्रभावित करने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।

अभिषेक गुप्ता ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने समय रहते सक्रियता नहीं दिखाई होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने दावा किया कि सभासद प्रतिनिधि का उद्देश्य अध्यक्ष को नुकसान पहुंचाना था। हालांकि, इस संबंध में दूसरे पक्ष का पक्ष तत्काल सामने नहीं आ सका।

सांसद की मौजूदगी में घटना से उठे सवाल

बोर्ड बैठक में सांसद राकेश राठौर की मौजूदगी के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जनप्रतिनिधियों की बैठक में इस तरह तनाव की स्थिति पैदा होने को लेकर भी चर्चा होती रही। पुलिस की सक्रियता के बाद स्थिति सामान्य हुई और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post