Nishan Publication

शहर साफ चाहिए तो झाड़ू चलाइए- संजय सिंह

-हाउस टैक्स हाफ, पानी टैक्स माफ और शहर होगा साफः संजय सिंह

सीतापुर- नगर निकाय चुनाव अपने पूरे चरम पर है। पार्टियों और निर्दलीय प्रत्याशी अपना जोर लगाये हैं। मतदाताओं से मिलकर वादे करना भी शूरू हो गया है। ऐसे में आप के राज्यसभा सांसद, प्रदेश प्रभारी व फायर ब्रांड संजय सिंह जनपद में आप प्रत्याशियों के समर्थन करने पहुंचे और अपने चिरपरिचित अंदाज में भाजपा पर जमकर हमला बोला।

 
शहर में रोड शो के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करते संजय सिंह

उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुये कहा कि पूरे प्रदेश में लगभग हर सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है। सीतापुर की जनता से यही अपील है कि आप सबने एक मौका मोदी जी को दिया और एक मौका योगी जी को दिया। ये शहरों की सफाई का काम है। ये काम झाड़ू वालों को दे दीजिए। हम आपके शहर को साफ-सुथरा और बेहतरीन बनाकर दिखायेंगे। आम आदमी पार्टी गारंटी वाली पार्टी है। आम आदमी पार्टी जुमला नहीं बोलती। आम आदमी पार्टी झूठ नहीं बोलती। इस देश व प्रदेश में जो सत्ताधारी दल है भारतीय जनता पार्टी, वह अपने झूठ के लिए जानी जाती है और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी अपनी गारंटियों के लिए जानी जाती हैै। हमने दिल्ली में कहा पानी फ्री, शिक्षा फ्री, पानी फ्री, स्वास्थ्य फ्री, इलाज फ्री, बस की यात्रा फ्री। ये सबकुछ करके दिखाया और मुनाफे का बजट दिया। पंजाब में हमने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक फ्री, बिजली फ्री, इलाज फ्री। वहां भी हमने करके दिखाया। उन्होंने कहा कि हम इस चुनाव में यूपी में एक ही वादा कर रहे हैं कि हाउस टैक्स हाफ, पानी टैक्स माफ और शहर होगा साफ। ये वन लाइनर हमारा वादा है।

 
उन्होंने कहा कि जहां-जहां हमारे चेयरमैन बनेंगे। आप अपना बकाया पुराना हाउस टैक्स, वाॅटर टैक्स फाड़कर फेंक दीजिएगा और नई पालिका जो गठित होगी, उसमें हाउस टैक्स हाफ, पानी टैक्स माफ और शहर को साफ-सुथरा रखने का हमारा संकल्प होगा। नगरपालिकाएं भ्रष्टाचार को केंद्र बन गई हैं। नाली निर्माण में भ्रष्टाचार और कर्मचारियो की भर्ती में भ्रष्टाचार, कूड़े का जगह-जगह अंबार लगे हैं। ये शहर में रहने वालों का एक बड़ा कष्ट है। जिसे हम दूर करेंगे। इसके बाद आप सांसद संजय सिंह ने पूरे शहर में रोड शो के जरिये प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। इस मौके पर सीतापुर नगरपालिका प्रत्याशी सुनीता सक्सेना व तंबौर प्रत्याशी बुशरा खातून सहित अन्य सैकड़ों आप कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post