सीतापुर (निशान न्यूज) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सीतापुर सांसद राकेश राठौर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाया जा रहा 'छात्रों की गूंज' अभियान देशभर के युवाओं की आवाज बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठा रही है।
अजय राय ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और परिवारों के संघर्ष को भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।
सांसद राकेश राठौर ने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी उन सभी छात्रों के साथ खड़ी है जिनकी मेहनत पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हुई है और इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।