-ग्रीकगंज से नैमिष धारा तक और रेडिको परिसर से भटपुर घाट तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विदा हुए गणपति बप्पा
सीतापुर (निशान न्यूज) गणेश चतुर्थी से शुरू हुए दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन शनिवार को अनंत चतुर्दशी पर हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। शहर के ग्रीकगंज मोहल्ले और रेडिको खेतान लिमिटेड कंदुनी परिसर में अलग-अलग मंडलों द्वारा गणपति बप्पा की भव्य आराधना और विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ग्रीकगंज मोहल्ले में विनायक मंडल द्वारा भगवान गणेश की स्थापना की गई थी।
दस दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, श्याम बाबा का कीर्तन, सुंदरकांड पाठ, बच्चों की प्रतियोगिताएं, भजन-कीर्तन और 56 भोग जैसे विशेष कार्यक्रमों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
अनंत चतुर्दशी पर गणेश जी की पूजन-अर्चन के बाद विशाल शोभायात्रा निकाली गई। भक्तगण झांकी, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ पूरे उत्साह से नाचते-गाते शहर की गलियों से होते हुए यात्रा को नैमिष की पावन धारा तक लेकर गए। वहां विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रमुख रूप से नरेंद्र नाग, आशु नाग, रोहित गुप्ता, अमित गुप्ता, सूरज गुप्ता, साहिल गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, सचिन गुप्ता, शिवांश साहू, अंकित गुप्ता, देवांश वैश्य, विजय सिंह, अंशु सिंह, शिवम सिंह, किशन गुप्ता, आकाश गुप्ता, ऋतिक जायसवाल, सुमित शर्मा, अमित शर्मा, सौरभ शर्मा, प्रवीण गुप्ता, आशीष गुप्ता, पिंकू गुप्ता, नयन साहू, शिखर साहू, सौरभ साहू, सोनू गुप्ता, जुगुल गुप्ता, मुकेश गुप्ता, आकर्षित सक्सेना, सुजीत सक्सेना, चुनमुन साहू आदि लोगों की विशेष उपस्थिति रही।
ग्रीकगंज मोहल्ले में मनाया गया यह दस दिवसीय गणेश उत्सव नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ।
भक्ति और उमंग के साथ रेडिको परिसर में गणेश महोत्सव का हुआ भव्य समापन
इसी प्रकार रेडिको खेतान लिमिटेड, कंदुनी परिसर में भी नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन हुआ। पूजास्थल से शुरू हुई विसर्जन यात्रा का कंपनी के मेन गेट पर भव्य स्वागत किया गया।
ढोल-ताशों और नृत्य करते श्रद्धालुओं के साथ यात्रा सिधौली होते हुए भटपुर घाट पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने बप्पा का विसर्जन किया। कंपनी प्रबंधन एवं मानव संसाधन विभागाध्यक्ष अजय गोस्वामी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।
विसर्जन के दौरान भक्त "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना" के जयकारों से भाव-विभोर हो उठे। ग्रीकगंज से लेकर रेडिको परिसर तक गणेश उत्सव की शोभा और श्रद्धालुओं की उमंग ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। भक्तों ने भगवान गणेश से परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।