सीतापुर (निशान न्यूज) जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की निर्धारित समय-सारणी के तहत शुक्रवार को रेडिको खेतान लिमिटेड, कंदुनी स्थित सीतापुर यूनिट में रासायनिक दुर्घटना से सुरक्षा एवं बचाव को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति का परीक्षण करना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान रासायनिक दुर्घटना जैसी आपात स्थिति की कल्पना करते हुए कर्मचारियों और संबंधित टीमों ने सुरक्षा एवं बचाव प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास किया। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन विभाग तथा यूनिट की टीमों ने आपातकालीन प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों में सहभागिता की।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, अपर मजिस्ट्रेट फूल चन्द्र यादव, एसडीएम सिधौली अविनाश कुमार, एसडीएम बिसवां राहुल सिंह, तहसीलदार बिसवां अनिल कुमार राम, तहसीलदार सिधौली डॉ. प्रीति सिंह, सीएचसी बिसवां के डॉ. अमित कपूर, सीएचसी सिधौली के डॉ. आनंद कुमार, फायर ऑफिसर बिसवां उमाशंकर यादव तथा कंदुनी चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश सिंह मौजूद रहे।
यूनिट की ओर से यूनिट हेड अंशु श्रीवास्तव, हेड-एचआर अजय गोस्वामी, हेड-इंजीनियरिंग यू.एन. पाण्डेय और सेफ्टी ऑफिसर विवेक वर्मा अपनी सेफ्टी टीम के साथ मौजूद रहे। ओएचसी (ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर) टीम ने भी मॉक ड्रिल में सक्रिय सहभागिता की।
मॉक ड्रिल में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा उपायों, बचाव कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का अभ्यास किया गया। कार्यक्रम के समन्वय और सुचारु संचालन में हेड-एचआर अजय गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिकारियों और यूनिट की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन व्यवस्था एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का व्यावहारिक आकलन किया गया। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में बेहतर समन्वय और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया।