मो. कैफ अंसारी
सीतापुर (निशान न्यूज) महमूदाबाद और मिश्रिख नगर पालिका अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दोनों दलों ने इन सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अपनी रणनीति के तहत मजबूत दावेदार उतारे हैं।
समाजवादी पार्टी ने महमूदाबाद से मोहम्मद आमिर अराफात को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि मिश्रिख से रामदेवी पत्नी बालक राम को मैदान में उतारा गया है। सपा ने स्थानीय स्तर पर इन नेताओं की लोकप्रियता और सामाजिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
भारतीय जनता पार्टी ने महमूदाबाद से संजय वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं मिश्रिख से विधायक रामकृष्ण भार्गव की पुत्रवधू सीमा भार्गव को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने इन नामों के जरिए क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है।
महमूदाबाद और मिश्रिख नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए यह उपचुनाव स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। दोनों दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया है। यह उपचुनाव न केवल स्थानीय नेतृत्व को परखेगा बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र में दलों की ताकत का भी आकलन करेगा।
भारतीय जनता पार्टी दोनों ही सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी– राजेश शुक्ला
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने उपचुनाव को लेकर कहा कि पार्टी द्वारा घोषित दोनों प्रत्याशी लंबे समय से संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और जनता के बीच रहकर निरंतर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी जनता के विश्वास पर खरे उतरेंगे। पार्टी पूरी ताकत से यह उपचुनाव लड़ेगी और दोनों ही सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। पिछले चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इस बार पार्टी जीत का परचम लहराएगी। दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर पार्टी के विकास कार्यों को उजागर करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेंगे,
दोनों प्रत्याशियों की जीत तय है– छत्रपाल सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी ने आगामी उपचुनाव में अपने दोनों प्रत्याशियों को पूरी मजबूती से मैदान में उतारा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता, नेता और पदाधिकारी जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को बताएंगे और लोगों को पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। यह सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि जनविश्वास और जनहित की लड़ाई है।
महमूदाबाद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्व. मोहम्मद अहमद द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जो विकास किया गया है, उसी विश्वास के साथ उनके सुपुत्र को समर्थन देकर जनता विजयी बनाएगी।
वहीं मिश्रिख की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज वहां की जनता बेघर हो रही है, उनकी समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं। समाजवादी पार्टी इन ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और उनके हक की आवाज बुलंद करेगी।
अंत में उन्होंने दोहराया हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – जनकल्याण, विकास और सामाजिक न्याय। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और दोनों प्रत्याशियों को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी