सीतापुर (निशान न्यूज) पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिधौली कपूर कुमार के नेतृत्व में थाना अटरिया पुलिस ने हत्या के मामले में दो अभियुक्तों, सर्वोत्तम सिंह उर्फ गुज्जु और राहुल दीक्षित उर्फ छोटे को गिरफ्तार किया है।घटना 22 जून 2025 को थाना अटरिया क्षेत्र के ग्राम झजौर के निकट एक खेत में ट्यूबवेल के पास हुई।
जहां ईश्वरदीन (50 वर्ष), पुत्र स्व. मुल्लू गौतम, निवासी ग्राम टिकौली, थाना अटरिया, मृत अवस्था में पाए गए थे। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर थाना अटरिया में एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तफ्तीश शुरू की। पुलिस जांच में संकलित साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों सर्वोत्तम सिंह उर्फ गुज्जु और राहुल दीक्षित उर्फ छोटे को ग्राम मुराऊखेड़ा कट के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पक्की ईंट का टुकड़ा भी बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 21 जून 2025 की रात को वे ईश्वरदीन के साथ ट्यूबवेल पर शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद सर्वोत्तम सिंह ने ईश्वरदीन की खटिया के नीचे रखी पानी की बोतल से पानी पी लिया, जिसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अभियुक्तों ने ईश्वरदीन पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अटरिया रोहित दुबे, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, हेड कांस्टेबल रमाकांत, कांस्टेबल विकुल और कांस्टेबल अश्वनी कुमार की टीम शामिल थी। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।