Nishan Publication

तीन लोकसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाएगा संगतिन

सीतापुर, निशान न्यूज़। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोगों को जमीनी मुद्दों से जागरूक करने के लिए संगतिन द्वारा तीन लोकसभा क्षेत्रों सीतापुर, मिश्रिख और धौरहरा में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इन तीनों लोकसभा क्षेत्र में संगठन के लोग बैठक करेंगे और स्थानीय समस्याओं को चिन्हित करके उस पर प्रत्याशियों के विचार जानेंगे और लोगों को सही प्रत्याशी को वोट करने के लिए प्रेरित करेंगे।


यह जानकारी संगतिन किसान मजदूर की प्रमुख रिचा सिंह ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में गरीब कमजोर किसान मजदूर महिलाओं और नौजवानों के सशक्तिकरण की बहुत जरूरत है। लोगों से जुड़े हुए मुद्दे जैसे मनरेगा की कम मजदूरी और मजदूरों का बकाया भुगतान एक बड़ी समस्या है। इसके अलावा कई सरकारी विभागों में कार्मिक बिना अनुबंध के काम कर रहे हैं और उन्हें कोई छुट्टियां तथा सामाजिक सुरक्षा भी नहीं मिल रही है। 90% असंगठित मजदूर परिवारों की मासिक आय 10000 से भी कम है। इसी के साथ-साथ नौजवानों के लिए शिक्षा और रोजगार की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। बेरोजगारों की तादाद दिन प्रतिदिन बढ़ रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं में आये दिन पेपर लीक की वजह से उनका भविष्य अधर में है।


 समाज का हर वर्ग कहीं ना कहीं परेशानी से जूझ रहा है छोटे व्यापारी से लेकर महिलाओं और बेरोजगार नौजवानों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारी तक परेशान है। सरकार की वर्तमान नीतियां जनहित में नहीं है। इन चुनाव में हम सब के पास एक अच्छी सशक्त और जनहित के कल्याण करने वाली सरकार बनाने का मौका है। उन्होंने सबसे अपील करते हुए कहा कि मतदान करने से पहले अपने प्रत्याशी के बारे में जानकारी करें और सही प्रत्याशी को वोट दें। इसके लिए यह जरूर जानें कि उनके प्रत्याशी उनकी समस्याओं से कितना परिचित है और उन समस्याओं के समाधान के लिए उसके पास क्या उपाय हैं? उनका प्रत्याशी समाज में समरसता का माहौल बनाने के बारे में क्या सोचता है और समाज के कमजोर वर्गों की मांग को संसद के अंदर कैसे उठाएगा? समाज के संवैधानिक मूल्यों को सुरक्षित करने की दिशा में क्या कदम उठाएगा? 
उन्होंने आगे कहा कि इन्हीं सब कसौटियों पर अपने प्रत्याशी को परख कर उसे वोट दें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करके लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। इस अवसर पर संगतिन किसान मजदूर संगठन के शिवराज, रामजीवन, रामबेटी, कमल किशोर, कौसर जहां, रोहित भारती, प्रकाश और सुरबाला सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post