Nishan Publication

हर नागरिक को लेना होगा संविधान बचाने का संकल्प- बृजलाल खाबरी

- संविधान बचाओ संकल्प सभा में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

निशान न्यूज़, सीतापुर- नगर स्थित मुस्कान गेस्ट हाउस में कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान बचाओ संकल्प सभा का आयोजन किया गया जिसको मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी ने संबोधित किया।

 
सबसे पहले कांग्रेसी नेताओं व पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष के सीतापुर जनपद में प्रथम आगमन पर सिधौली से लेकर सीतापुर तक जगह-जगह स्वागत किए।
जिला कांग्रेस कमेटी सहित फ्रंटल विभाग, प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने खैराबाद स्थित टोल प्लाजा पर प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी तथा प्रान्तीय अध्यक्ष नकुल दुबे का स्वागत  किया। तत्पश्चात कांग्रेस नेताओं का कारवां मुस्कान गेस्ट हाउस पहुंचा।

 
बैठक प्रारंभ होने से पहले  ध्वजारोहण किया गया और उसके बाद राष्ट्रगान गया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कोई भी लक्ष्य बिना संकल्प के नहीं हासिल होता है। उन्होंने कहा कि गलत के खिलाफ बोलने पर अगर आवाज को दबाया जाने लगे तो यही संविधान का और व्यक्ति के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि बिना संकल्प के कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं होता है और आज हर नागरिक को संविधान बचाने का यह संकल्प उठाना होगा।
प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब हर कांग्रेसजन को एक सिपाही की तरह काम करना होगा। उन्होंने आवाह्न किया कि 2024 में किसी भी हाल में कांग्रेस की सरकार बनाना है। पूर्व विधायक राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की नहीं बल्कि विनाशवाद की राजनीति कर रही है। उन्होंने सबसे एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे बढ़ चढ़कर सहभागिता करने का आवाह्न किया।
जिला अध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा कि सरकार मैं बैठे लोगों का अहंकार सत्ता के खिलाफ उठती हुई हर आवाज को दबाना चाहता है। उन्होंने कहा कि अब कोई और विकल्प नहीं बचा है। देश के लोगों को यह समझना होगा कि अगर अभी नहीं चेते तो बहुत देर हो जाएगी। शहर अध्यक्ष संतोष भार्गव ने कहा कि वर्तमान समय की सरकार संवैधानिक मूल्यों का हनन करने पर आमादा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शमीना शफीक ने कहा कि मणिपुर की हिंसा ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है।
मणिपुर जल रहा है और सत्ता के नशे में चूर नेता भाजपा नेता शांत बैठे हैं। जिला उपाध्यक्ष शिशिर बाजपेई ने कहा कि आज हमें संविधान बचाने की कसम उठानी ही होगी। हमें किसी भी हाल में अपने अधिकारों को, जो हमें संविधान प्रदान करता है उनको सुरक्षित रखना है जिसके लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। संकल्प सभा का संचालन आमोद मिश्र ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, कई प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष तथा पदाधिकारीगण सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post