Nishan Publication

सीएए और एनआरसी के विरोध में इंक़लाब जिंदाबाद के नारों से गूँज उठा लालबाग

देश को साम्प्रदायिकता के माहौल में धकेल रही है मोदी सरकार- एम सलाहुद्दीन
शूद्रों को फिर से शूद्र बनाने की योजना है एनआरसी- अर्जुन लाल
नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में वामदलों ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
सीतापुर- वामपंथी दलों के राष्ट्रीय आह्वान पर सीतापुर जिले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भाकपा माले ने संयुक्त रूप से नागरिकता संशोधन कानून और एन०आर०सी० के विरोध में प्रतिवाद मार्च का आयोजन किया और सभा करके पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा|

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव कामरेड अर्जुन लाल ने कहा कि एनआरसी के ज़रिये शूद्रों को फिर से शूद्र बनाने की भाजपा की योजना असफल हो जाएगी| मोदी सरकार भारतीय संविधान को बदलकर मनुस्मृति का कानून देश पर थोप कर संघी एजेंडा लागू कर रही है| एनआरसी के ज़रिये देश में सभी को अपनी नागरिकता साईट करनी पड़ेगी| जिस देश का प्रधानमंत्री अपनी डिग्री नहीं दिखा सकता वहां की जनता अपनी नागरिकता साबित करने के लिए अपने पुराने कागज़ात कहाँ से लाएगी| करोड़ों भूमिहीन परिवार एनआरसी से बाहर हो जायेगे|

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला प्रभारी एम सलाहुद्दीन ने कहा कि एनआरसी में जो लोग अपने दस्तावेज़ नहीं दिखा पाएंगे उनमें से हिन्दुओं को नए नागरिकता कानून से भारत की नागरिकता दे दी जाएगी, उन्हें सरकारी सुविधाओं से भी वंचित नहीं किया जायेगा परन्तु मुसलमानों को किसी भी तरह से देश में रहने नहीं दिया जायेगा इसलिए एनआरसी के पूर्ववर्ती कानून के रूप में नागरिकता कानून में संशोधन किया गया है| एनआरसी और सी०ए०ए० काला कानून है जो संविधान की मूल भावना को तार-तार कर रहा है| ये देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला है| केंद्र की मोदी सरकार हिन्दू-मुस्लिम भाईचारे और देश की एकता-अखंडता को तोड़कर देश को दंगों की आग में झोंकना चाहती है| देश का अमन पसंद नागरिक इसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा|

एक्टू नेता कामरेड गया प्रसाद ने कहा कि एनआरसी पूरी तरह जन विरोधी है इसे तत्काल रद्द किया जाये| मोदी-शाह की गुंडई ने देश को गृह युद्ध की स्थित में लाकर खड़ा कर दिया है| एक तरफ गाँधी के हत्यारे और सार्वजानिक रूप से तिरंगा झंडा जलाने वाले सड़कों पर राष्ट्रवादी होने के नारे लगा रहे हैं, तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति का नुकसान कर रहे हैं तो दूसरी तरफ राष्ट्र की आज़ादी के लिए फंसी पर चढ़ने वाले भगत सिंह, आंबेडकर व गाँधी के वारिसों से देशभक्ति का सबूत माँगा जा रहा है|
भारतीय महिला फेडरेशन प्रभारी शोभा लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में महिलाओं पर अत्याचार की बढती हुई घटनाएँ चिंता का विषय हैं| जहाँ के तरफ देश की बेटियों का बलात्कार कर उन्हें जिंदा जलाया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ ये पूंजीवादी और जनविरोधी सरकार कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाये देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रही है|
हजारों की संख्या में लालबाग पार्क में एकत्रित हुए लोगों को प्रशासन ने कोतवाल अम्बर सिंह की अगुवाई में भारी पुलिस फ़ोर्स के दम पर जबरन रोककर विरोध मार्च को बाधित किया|

 बाद में लालबाग पार्क में ही सिटी मजिस्ट्रेट पूजा मिश्र ने आकर ज्ञापन प्राप्त किया| जिसमें राष्ट्रपति से मांग की गयी कि
1. केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाया गया नागरिकता संशोधन कानून जनविरोधी और संविधान की धर्मनिरपेक्ष आत्मा को चोट पहुँचाने वाला है| इससे करोड़ों दलित, पिछड़े, मुसलमान अपने संविधानिक अधिकारों से वंचित हो जायेंगे| इसे तत्काल रद्द किया जाए|
2. केंद्र सरकार द्वारा लाया जा रहा एन०आर०सी० जन विरोधी है| इससे देश का अमन चीन बिगड़ने वाला है| इसे आने से रोका जाए|
3. एन०आर०सी० शूद्रों को पीछे धकेलने का काम करेगा और नागरिकता संशोधन कानून देश के करोड़ों लोगों को फिर से गुलाम बनाने तथा इसकी आड़ में संविधान को हटाकर मनुस्मृति लागू करने के एजेंडे को तत्काल रोका जाए|
4. सरकार की संविधान विरोधी, जनविरोधी और दमनकारी नीतियों पर अंकुश लगाया जाए|
5. पुलिस द्वारा मासूम विद्यार्थियों पर होने वाले बर्बर ज़ुल्म की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाये|

इस अवसर पर शावेज़ खान, सिराज अहमद, शीबू, शारिक, हरिगिरधर, लाल मिश्र, अनिल कुमार, सोहन लाल, अनवर अली, सहर सीतापुरी, मो० अहमद खान, कौशल किशोर, रिजवान, दानिश, सद्दाम, राजू, ज़ैद, कमालुद्दीन मो० नईम, भोलू, सोबरन, अक्षय कुमार, रामलखन, सूरज, सुशील, अर्जुन लाल, रामपाल, श्यामू, राधेश्याम, गायत्री, सावित्री, नंदरानी, रेखा, आशा, सोहिनी, विद्या, सुमन, सुंदरी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे|

Post a Comment

Previous Post Next Post