सीतापुर (निशान न्यूज) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सीतापुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं की सुविधाओं को सुनिश्चित करना और प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शी बनाना है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, जबकि यह प्रक्रिया पूरी तरह मतदाताओं के हित में है। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में मतदाताओं और सरकारी कर्मचारियों को हर संभव सहायता प्रदान करें, ताकि किसी को भी किसी प्रकार की समस्या न हो।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ी हुई है। यह अभियान न केवल लोकतंत्र को मजबूत करेगा बल्कि देश के अंदर मौजूद अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर करने में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर पूरी गंभीरता और ऊर्जा के साथ काम करें।
जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने समीक्षा बैठक को दिशा-दर्शन बताते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी कार्यकर्ता पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करना भाजपा का संकल्प है और यह प्रक्रिया राष्ट्र सेवा के समान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में मिशन की सफलता के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लोहारबाग स्थित बूथ संख्या 216 पर पहुंचे, जहां उन्होंने डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर बिसवा विधायक निर्मल वर्मा, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, सिधौली विधायक मनीष रावत, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व विधायक सुनील वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, राकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।