Nishan Publication

बिजली संशोधन बिल के विरोध में बिजलीकर्मियों का ज़ोरदार प्रदर्शन

इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल से उपभोक्ता और बिजलीकर्मी दोनों का होगा नुकसान - रमेश सिंह

सीतापुर- केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाये गये इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2022 का विरोध तेज़ हो गया है| इस बिल के विरोध में देश भर के लगभग 27 लाख बिजली कर्मचारी और इंजीनियर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं| इसी विरोध प्रदर्शन के क्रम में सीतापुर जिला मुख्यालय स्थित अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में इस बिल के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा बिल के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया|



अधिशासी अभियंता इंजीनियर रमेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार धीरे-धीरे सभी चीज़ों को निजी हाथों में सौंप रही है| सरकार का ये कदम बिजली क्षेत्र को निजीकरण की तरफ ले जाने की दिशा में एक और कदम है| उन्होंने कहा कि कानून बनने के बाद देश में बिजलीकर्मियों का भविष्य अधर में लटक जायेगा| ये बिल न तो बिजली कर्मचारियों के हित में है और न ही इस बिल से बिजली उपभोक्ताओं का कोई भला होगा|

उपखंड अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि त्योहारी सीजन और जनता की ज़रूरतों को देखते हुए अभी पूरी तरह से काम बंद नहीं किया गया है| जनता का काम प्राथमिकता से किया जा रहा है लेकिन अगर सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती है तो पूरी तरह से काम बंद कर इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल का विरोध किया जायेगा|



अवर अभियंता रमेश सिंह ने कहा कि बिजलीकर्मी पूरी मेहनत और लगन से आधे-अधूरे संसाधनों के साथ पूरी तन्मयता से अपना काम करते रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मेहनत को नज़रअंदाज़ कर रही है| इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रमेश कुमार, उपखंड अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डेय, उपखंड अधिकारी ज्ञानेश कुमार, उपखंड अधिकारी रामाज्ञा, उपखंड अधिकारी सफलधीर, अवर अभियंता रमेश सिंह, अवर अभियंता राकेश कुमार, अवर अभियंता संदीप शुक्ला, अवर अभियंता संतोष मौर्या, अवर अभियंता अमरीश कुमार, अवर अभियंता संतोष मौर्या, मुनेश तिवारी, अशोक कुमार, रजत कुमार, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, रविन्द्र कुमार, शिवम शुक्ला सहित सैकड़ो की संख्या में बिजली कर्मचारी उपस्थित रहे|

Post a Comment

Previous Post Next Post