सीतापुर- उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वाहन पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष व इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व सदस्य आशीष गुप्ता के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन किया एवं उनकी सद्बुद्धि हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार 'लल्लू' को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया है जिस कारण प्रदेश में कांग्रेस के कार्यकर्तागण विभिन्न तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते दिनों एक साथ हजारों कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के माध्यम से अपना विरोध जता चुके हैं तथा राज्यपाल को ज्ञापन भी भेज चुके हैं। इसी क्रम में आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए हवन कर मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्री गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी एक वैश्विक महामारी है, पूरी दुनिया इससे परेशान है, कांग्रेस पार्टी लोगों की मदद करना चाहती है लेकिन भाजपा सरकार द्वेषपूर्ण व्यवहार अख्तियार कर कांग्रेस को मदद करने से रोकने के लिए सारे जतन कर रही है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल में डाल दिया गया और तमाम नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाए गए हैं लेकिन हम डरने वाले नहीं, ईश्वर अजय बिष्ट जी को सद्बुद्धि प्रदान करें। इस अवसर पर छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष शुभम रस्तोगी, मो० शमी, ललित मोहन मिश्रा, शुभम वर्मा, अबरार आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में महमूदाबाद विधानसभा अध्यक्ष राहुल रस्तोगी के नेतृत्व में सरैंया राजा साहब में भी हवन कर मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर अमन गुप्ता, भानु प्रताप, रोहित रस्तोगी, अभिषेक वर्मा आदि उपस्थित रहे ।