Nishan Publication

यूपी-34 प्रीमियर लीग में तीसरे दिन खेले गए पांच मुकाबले

-वकील लस्सी क्लब, फिनटेक सोलर, पावर स्ट्राइकर्स और सीतापुर थंडर्स ने दर्ज की जीत

सीतापुर (निशान न्यूज) राजा कॉलेज मैदान में आयोजित की जा रही यूपी-34 प्रीमियर लीग सीजन-2 के तीसरे दिन पांच मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।

दिन का पहला मुकाबला वकील लस्सी क्लब और सुपर स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। वकील लस्सी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 171 रन बनाए। टीम की ओर से सबलू खान ने महज 18 गेंदों पर 72 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में सुपर स्ट्राइकर्स की टीम 112 रन ही बना सकी। इस तरह वकील लस्सी क्लब ने 59 रनों से जीत दर्ज की। सबलू खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में बॉम्बे जायका ने 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फिनटेक सोलर की टीम ने शाजू के 43 और आमिर लेफ्टी के 30 रनों की बदौलत चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। शाजू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

तीसरे मुकाबले में पावर स्ट्राइकर्स ने मनीष के 44 और मोनू के 34 रनों की मदद से 131 रन बनाए। जवाब में सीतापुर थंडर्स की टीम 120 रन ही बना सकी। पावर स्ट्राइकर्स ने 11 रनों से जीत हासिल की। मोनू बालियान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
चौथे मुकाबले में पावर स्ट्राइकर्स ने 78 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बॉम्बे जायका ने अर्पित के 31 और सरदार आलम के 22 रनों की बदौलत पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में शिवम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पांचवें मुकाबले में सीतापुर थंडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिन के 31 और आदित्य के 24 रनों की मदद से 119 रन बनाए। जवाब में फिनटेक सोलर की टीम 97 रन ही बना सकी। सीतापुर थंडर्स ने 22 रनों से मुकाबला अपने नाम किया। सचिन शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


प्रतियोगिता के तीसरे दिन सीतापुर की चर्चित वायरल गर्ल ‘गरीबी बिटिया’ भी पहुंचीं। इस दौरान टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर सागर गुप्ता की अनुपस्थिति में आयोजन समिति के सदस्यों ने उन्हें सम्मानित किया। 

टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर सागर गुप्ता ने आयोजन समिति और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।

टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन (इंडिया) के तत्वाधान में आयोजित प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post