-वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश शर्मा का निधन, लोगों में शोक की लहर
सीतापुर- (निशान न्यूज) बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला महामंत्री दिनेश शर्मा का निधन हो गया। दिनेश शर्मा राष्ट्रवाद के सच्चे सिपाही थे और हमेशा जनहित और देश हित के कामों में अहम भूमिका निभाते थे।
दिनेश शर्मा लंबे समय से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से संघर्ष कर रहे थे। उनके निधन पर शोक संवेदनाओं का दौर जारी है।
उन्होंने ग्रीकगंज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। उनका अंतिम संस्कार बाबा गोपालदास घाट पर उनके ज्येष्ठ पुत्र अमित शर्मा द्वारा किया गया।
दिनेश शर्मा भाजपा के एक सच्चे और कर्मठ कार्यकर्ता थे, उन्होंने भाजपा के शुरुआती दौर में ही इसकी प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली और अंत समय तक इसमें बने रहे। कई बार विषम परिस्थितियों में भी वह अपनी विचारधारा से डिगे नहीं। भाजपा और संघ के कार्यक्रमों के साथ ही वो समाजसेवा के कामों में भी हमेशा अग्रणी रहते थे।
उनके निधन को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, अचिन मेहरोत्रा, अजय गुप्ता, उमाशंकर मिश्र, जिला महामंत्री विश्राम सागर राठौर, भाजयुमों के जिला उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, सागर गुप्ता, भरत त्रिपाठी, परीक्षित त्रिपाठी, ललित श्रीवास्तव, संजीव गुप्ता, कौस्तुभ त्रिपाठी, पूनम मिश्रा, रमेश भार्गव दीपू, सुनील मिश्रा, रोहित सिंह चौहान आदि नेताओं ने शोक जताया है।