पूस के महीने में हलकान हो रहे कई हल्कू
सीतापुर- मौसम का कहर इन दिनों आम जनता पर लगातार बढ़ रहा है| बढती हुई सर्दी ने लोगों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं| ख़ासकर गरीब तबके के लोग सर्दी के मौसम में ठिठुरने को मजबूर हैं| दिनोंदिन गिरते तापमान ने आम आदमी की धडकनें बढ़ा दी हैं| शहर के चौराहों पर अलाव की कमी से जनता हलकान है| सीतापुर के बस अड्डा, लालबाग, कलेक्ट्रेट जैसी कुछ जगहों को छोड़कर ज़्यादातर चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं है|
![]() |
| शहर के एक चौराहे पर अलाव तापते लोग |
लगातार सर्द होते मौसम में लोगों की आवाजाही
पर भी असर पड़ा है| लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं| इस शीतलहर से सबसे ज्यादा
गरीब तबके के लोगों को परेशानी हो रही है| अभी तक दिन में सूर्य देवता के दर्शन
सर्दी से थोड़ी राहत दिला देते थे लेकिन कुछ दिनों से भीषण कोहरे और धुंध ने पूरे
वातावरण को अपने आगोश में ले लिया है| शहर में अलाव के अभाव से गरीब-मजदूर तबके के
लोग पूस के महीने में प्रेमचंद की कहानी “पूस की रात” के हल्कू की तरह हलकान हुए जा रहे हैं|
हालाँकि प्रशासन और कुछ लोगों के निजी
प्रयासों से कुछ जगहों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है लेकिन भीषण शीतलहर से ये
ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है| शहर में जहाँ कहीं भी आग जलती दिखती है, लोग
उसे घेर कर सर्दी से लड़ते हुए देखे जा सकते हैं| वैसे तो निकाय चुनावों ने माहौल
में गर्मी पैदा कर दी थी लेकिन कोर्ट के आदेश ने इस पर भी पानी फेर दिया है|
इस मुश्किल समय में प्रमुख समाजसेवी और भाजपा नेता सागर गुप्ता लोगों की मदद करते हुए देखे जा रहे हैं| निजी प्रयासों से शहर के ज़्यादातर चौराहों और प्रमुख स्थानों पर वह अलाव की व्यवस्था करवा रहे हैं| मिनी ट्रक से लकड़ियों के लठ्ठे प्रमुख स्थानों पर पहुंचाए जा रहे हैं|
![]() |
| नई बस्ती से जेल रोड मार्ग पर सागर गुप्ता द्वारा जलवाया गया अलाव |
इस व्यवस्था पर सागर गुप्ता बताते हैं कि पिछले तीन चार दिनों से शहर के 15-20 प्रमुख स्थानों पर लगातार अलाव की व्यवस्था करवाई जा रही है| नगर पालिका प्रशासन की ये ज़िम्मेदारी बनती है कि अलाव की व्यवस्था करवाए लेकिन कोई व्यवस्था नहीं है| आम जनमानस की दिक्कतों को देखते हुए अलाव जलवाए जा रहे हैं और आगे भी ये व्यवस्था जारी रहेगी|
भीषण ठण्ड के बावजूद नपा प्रशासन द्वारा
कुछ जगहों पर ही अलाव की व्यवस्था नाकाफी है| इसी को देखते हुए निजी प्रयासों से
शहर के 20 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं| आम जनता की ज़रूरत के मद्देनज़र
आगे भी ये प्रयास यूँ ही चलता रहेगा|
- सागर गुप्ता
समाजसेवी
वहीँ नगर पालिका सीतापुर के अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों पर तो अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था पहले से ही है लेकिन बढती सर्दी के मद्देनज़र अब हर चौराहे पर अलाव की व्यवस्था करवाई जा रही है|
![]() |
| ग्रीकगंज चौराहे पर नगर पालिका द्वारा जलवाए गये अलाव को तापते लोग |
अभी तक शाम को जलने के लिए ही लकड़ियाँ डलवाई जाती थीं लेकिन अब सुबह भी अलाव जलवाने की व्यवस्था करवाई जा रही है| पहले 1 जनवरी से ये व्यवस्था लागू होनी थी लेकिन सर्दी के बढ़ते कहर को देखते हुए आज से ही ये व्यवस्था लागू करवाई जा रही है|
उन्होंने आगे बताया कि कई जगहों
पर अलाव के लिए डाली गयी लकड़ियों के चोरी होने की भी सूचना मिली है, इसके लिए भी
प्रभावी व्यवस्था करवाई जा रही है| इसके अलावा जहाँ भी अलाव की ज़रूरत होने की
सूचना मिलती है वहां भी व्यवस्था करवाई जा रही है|
पालिका प्रशासन द्वारा प्रमुख चौराहों पर
रैन बसेरे और अलाव की समुचित व्यवस्था है| बढती सर्दी को देखते हुए अब हर चौराहे
पर सुबह और शाम में अलाव की व्यवस्था करवाई जाएगी| अलाव के उचित प्रयोग हेतु आम
जनता का सहयोग भी अपेक्षित है|
- वैभव त्रिपाठी
अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका सीतापुर




