- हर घर में तिरंगा लहराने के अभियान पर चर्चा
- पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिलाध्यक्ष ने बनाई रणनीति
सीतापुर- 15 अगस्त आने वाला है, ऐसे में देश की आन, बान शान तिरंगा ध्वज हर घर में फहराया जाएगा। इसके लिए भाजपा हर घर तिरंगा सप्ताह अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत 9 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार को एक बैठक भाजपा जिला कार्यालय में की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने हर घर तिरंगा को लेकर रूपरेखा तैयार की।जिला कार्यालय पर हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर चर्चा की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। केंद्र सरकार हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। इसके तहत 13, 14 व 15 अगस्त तीन दिनों तक देश भर में 20 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का वातावरण बनाना है। तिरंगा यात्रा निकलने, बाजार, आदि में होर्डिंग्स बैनर लगाकर लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा करना है। जिलाध्यक्ष ने तिरंगे के साथ फोटो अपलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी अपने फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को तिरंगे के साथ एक सेल्फी भी लेनी चाहिए और इसे संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड करना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंगा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। गौरतलब है कि आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 13 से 15 अगस्त तक एक अभियान के तहत हर घर मे तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा हर एक व्यक्ति को अपने अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। इससे लोगों में राष्ट्रवाद की भावना जगेगी तथा वे देश की आजादी के 75 वर्ष के समारोह से जुड़ेंगे। इस कार्यक्रम के तहत भाजपा द्वारा युवाओं को बताया जाएगा कि देश को आजादी कैसे मिली। इस मौके पर जिला महामंत्री विश्राम सागर राठौर, अजय विश्वकर्मा, रमेश भार्गव, रोहित सिंह, राजेश्वर रस्तोगी, करुणा शंकर त्रिपाठी, नैमिष रत्न तिवारी, जया सिंह, सुनील मिश्रा, विष्णु मौर्या, जितेंद्र मेहरोत्रा, लोकेश मिश्रा, सुधीर सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।