सीतापुर- भारतीय संविधान जाति, लिंग, भाषा किसी भी आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता है और सबको एक समान अधिकार देता है। भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय में संवैधानिक मूल्य सभी को समान अधिकार देते हैं। इन संवैधानिक मूल्यों के सशक्तीकरण में महिलाओं की प्रमुख भूमिका है। घर के अन्दर से लेकर समाज के बीच एक महिला ही स्वतंत्रता, समानता की बात करके सबके बीच भाईचारा कायम करती है।
ये बात आल इंडिया वीमेंस फेडरेशन की अध्यक्ष आशा मिश्रा ने निशान पब्लिकेशन द्वारा आयोजित एक परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने आगे कहा कि समाज में कुछ कट्टरपंथी लोगों को महिलाओं का ये प्रगतिशील रवैय्या पसंद नही आता ही और वो इस पर अड़ंगे लगाते रहते हैं।
| आल इंडिया वीमेंस फेडरेशन की अध्यक्ष आशा मिश्रा अपने विचार व्यक्त करती हुईं |
आल इंडिया तालीम घर की चेयरपर्सन शहनाज़ सिदरत ने कहा कि आज की महिलाऐं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है और वह समाज को एक नई दिशा दिखा रही है। लड़कियां अब अपनी शिक्षा और अधिकारों के लिए लड़ना जान गयी हैं और अपने हक़ की बात पुरजोर तरीके से उठाती हैं। उनको ये ताक़त भारत के संविधान में निहित संवैधानिक मूल्यों से ही मिलती है। महिलाऐं आगे आकर नौकरी करना चाहती हैं, बिज़नस करना चाहती हैं और सबको साथ लेकर लीडरशिप करना भी जानती हैं।
| आल इंडिया तालीम घर की चेयरपर्सन शहनाज़ सिदरत |
शिक्षाविद रोली सिंह ने कहा कि आज के दौर में ये ज़रूरी है कि महिलाएं आगे आकर समाज की तरक्की में अपनी प्रभावी भूमिका अदा करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों के अनुसार महिलाओं को पुरुषों के साथ साथ कंधे से कन्धा मिलाकर चलना चाहिए और बदलाव की एक नई बयार की अग्रदूत बनना चाहिए। भारत के सतत विकास और प्रगतिशील समाज के निर्माण में महिलाओं की प्रभावशाली भूमिका से कोई इनकार नहीं कर सकता है।
| शिक्षाविद रोली सिंह ने संवैधानिक मूल्यों के सशक्तीकरण पर रखे अपने विचार |
महोली नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्त ने कहा कि महिलाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। जागरूकता की इस बयार में वे अपने साथ साथ समाज और समुदाय की भी सहायता करेंगी। विभिन्न सरकारी योजनाएं जो महिला केन्द्रित होती हैं उसका लाभ उठाकर वे समाज की मुख्यधारा में आकर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा सकती हैं।
| महोली नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता |