Nishan Publication

बिसवां में सपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर

सीतापुर (निशान न्यूज) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी रविवार को बिसवां विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

बिसवां क्षेत्र में आयोजित गुलजार शाह मेले के कार्यक्रम में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के फार्मूले को मजबूत करने में जुटी हुई है और प्रदेश में लगातार उसका जनाधार बढ़ रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जालिमों की हुकूमत हटानी है तथा युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को एकजुट करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।
सपा नेता ने भाजपा और प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज आम आदमी अपनी बेटियों की शादी के लिए सोना तक नहीं खरीद पा रहा है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा की। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post