-ऑनलाइन दवा बिक्री और अधोमानक दवाओं के खिलाफ केमिस्ट एसोसिएशन का राष्ट्रव्यापी बंद में समर्थन
सीतापुर (निशान न्यूज) केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर आगामी 20 मई 2026 को सीतापुर में सभी थोक व फुटकर दवा की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यह बंद राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि दवा व्यापार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे वर्ष 2018 से लंबित हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इनमें अवैध ई-फार्मेसी का संचालन, बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अत्यधिक छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की प्रवृत्ति और कुछ सरकारी अधिसूचनाओं को लेकर व्यापारी वर्ग में व्यापक असंतोष शामिल है। सरकार का ध्यान न जाने पर विवश होकर बंदी का निर्णय लिया गया है
महामंत्री बसंत गोयल ने कहा कि ऑनलाइन बाजार में अधोमानक दवाओं की बिक्री, फार्मासिस्ट एवं रोगी के बीच संवाद की कमी और अनुचित भंडारण में रखी दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। छोटे और मध्यम स्तर के दवा विक्रेताओं के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
एसोसिएशन ने प्रशासन को पूर्व सूचना देते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि 20 मई को होने वाली संभावित असुविधा से बचने के लिए जरूरी दवाएं पहले ही खरीद लें।
इस अवसर पर अध्यक्ष गोपाल टंडन, महामंत्री बसंत गोयल, उपाध्यक्ष शैलेश महेंद्र, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी, प्रदीप धवन, ललित भट्ट एवं सुजीत श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।