Nishan Publication

छोटे नेताओं से बयानबाजी न कराए कांग्रेस- अखिलेश यादव

- शाहजहांपुर में प्रशिक्षण शिविर में जाते समय बोले सपा मुखिया

सीतापुर- सीतापुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट न देने पर कांग्रेस से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपने छोटे नेताओं से सपा के बारे में बयान न दिलवाए। वे मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारें को लेकर कांग्रेस से नाराज हैं। 
अखिलेश ने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो कांग्रेस से बात ही नहीं करते। 
शाहजहांपुर जाते समय सपा मुखिया अखिलेश यादव सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं।
कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं। शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा। मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है, यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के इस बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश बोले कि उनकी हैसियत क्या है। इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं, कितनी बैठकों में थे। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील हैं कि छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की। मध्य प्रदेश में कहां, किस सीट पर सपा जीती, कहां नंबर दो पर रही यह आंकड़ा लेकर भरोसा दिया कि 6 सीटों पर विचार करेंगे। फिर सपा को एक भी सीट नहीं दी इसलिए हमने वहां अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा के लिए है तो इस पर विचार किया जाएगा। कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, वैसा ही उनके साथ किया जाएगा।
इस मौके पर एमएलसी जासमीर अंसारी, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, हरगोविंद भार्गव, अफजाल कौसर, दिग्विजय सिंह देव, सचिन जयसवाल, प्रमोद वर्मा, शमीम कौसर, रामेंद्र यादव आदि मौजूद रहेे।

Post a Comment

Previous Post Next Post