- तीसरे
दिन छह गाँवों से निकली समता सद्भावना संवाद यात्रा
- चार
ब्लाकों में 175 किमी का सफ़र तय करेंगे सद्भावना यात्री
सीतापुर- संगतिन
किसान मजदूर संगठन और समता युवा मंच द्वारा समता सद्भावना संवाद यात्रा लगातार
जारी है| जिले के चार ब्लाकों से गुजरने वाली सद्भावना यात्रा तीसरे दिन हरनी कला
से ढखिया गांव पहुंची। यहां के प्रधान और गांववासियों ने यात्रा का ज़ोरदार स्वागत
किया। यात्रियों ने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं पर बात की| हरनी कला गाँव में बातचीत
के दौरान छुट्टा जानवरों की समस्या बड़े पैमाने पर उठी। यहाँ लोगों ने बताया कि
बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में अत्यंत कठिनाइयाँ आ रही हैं| प्राथमिक विद्यालय
गाँव से लगभग 4 किमी दूर है तो कुतुबनगर गाँव से स्कूल 9 किमी दूर है| ऐसे में
नौनिहालों का पढ़ाई करना दुष्कर हो रहा है|
इसके बाद यात्रा ढखिया
से गलिबापुर, अशरफनगर होते पंखिया पुरवा पहुंची। यहाँ युवाओं
में नशे की बढती प्रवृत्ति को लेकर चिंतन हुआ और इसके दुष्परिणाम पर चर्चा हुई। युवाओं
की दिनोदिन खराब होती जा रही सामाजिक और आर्थिक स्थिति को लेकर भी बात की गयी|
स्थानीय लोगों ने इस बात पर चिंता व्यक्त करी कि गाँवों में रोज़गार न मिलना और
युवाओं का बुरी आदतों की चपेट में आना गांवों की खराब स्थिति को और बदहाल कर रहा
है|
इसके पश्चात यात्रा पंखिया पुरवा गाँव से गुरसंडा पहुंची जहाँ बाजपुर मोड़ पर यात्रियों का स्वागत गुरसंडा के लोगों ने किया। जहाँ से यात्रा गुरसंडा के पंचायत भवन पहुंची। यहीं यात्रियों ने शाम 5 बजे दोपहर का भोजन ग्रहण कर आगे प्रस्थान किया|
अपनी शुरुआत के तीसरे दिन सद्भावना यात्रियों ने 17 किमी की यात्रा तय की| पिसावां
के नेवदिया चौकनिया होते हुए रात्रि विश्राम बिचपरिया गांव में हुआ। इस तरह से
समता सद्भावना संवाद यात्रा अब तक कुल 37 किमी की दूरी तय कर चुकी है| कुल 175
किमी की समता सद्भावना संवाद यात्रा जिले के चार ब्लाकों मिश्रिख, पिसावां, महोली
और एलिया से होकर गुजरेगी|



क्या बात है, पूरा कवर किया आपने, समता सद्भावना संवाद यात्रा को।
ReplyDeleteसलाम।👍👍👍