- प्रधानाचार्य बोले ये तो आम बात
- मदरसा अरबिया इस्लामिया की घटना
सीतापुर- प्रदेश में चल रहे मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं की शुचिता और व्यवस्था पर लगातार प्रश्न चिन्ह लग रहा है। ताजा मामला शहर के अरबिया इस्लामिया मदरसे का है| जिसमें एक शिक्षक द्वारा परीक्षार्थियों पर गाली-गलौज करने का आरोप लग रहा है। वहां के प्रधानाचार्य का कहना है कि ये तो आम बात है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आलमनगर स्थित मदरसा अरबिया इस्लामिया में मदरसा बोर्ड की परीक्षा के दौरान द्वितीय पाली में ऊपर स्थित हाल में परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए आये थे। हाल में ड्यूटी में तैनात मास्टर जाहिर छात्रों को पर्चा बांटने लगे, छात्रों को पर्चा नहीं मिल पाया जिस पर उन्होंने मास्टर जाहिर से जल्दी पर्चा देने के लिए कहा। इस पर मास्टर जाहिर आग बबूला हो गये और मौजूद छात्रों को गालियाँ देने लगे। उनके इस व्यवहार का जब छात्रों ने विरोध किया तो मास्टर जाहिर उल्टा छात्रों को ही धमकाने लगे। हालाँकि विरोध बढ़ता देख उन्होंने अपने शब्द वापस लिए लेकिन अपने इस कृत्य के लिए उन्होंने छात्रों से कोई माफी नहीं मांगी। विरोध ज्यादा बढ़ने पर मास्टर जाहिर अपनी ड्यूटी बीच से ही छोड़कर चले गये। मास्टर जाहिर को सीसीटीवी कैमरों का भी कोई खौफ नहीं दिखा जिसमें लाइव मानिटरिंग चलती रहती है।
इस घटना पर जब मदरसे के प्रधानाचार्य मौलाना फारूक से बात की गयी तो उन्होंने आरोपी शिक्षक के बचाव में अजीबो-गरीब दलील दे डाली। गाली को उन्होंने आम बोलचाल की भाषा करार दे दिया। शिक्षक पर कार्रवाई करने के बजाये उन्होंने उलटे छात्रों को ही दोषी ठहराकर शिक्षक का बचाव किया।
इस सम्बन्ध में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कृष्ण मुरारी ने कहा कि- “मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है। इस प्रकरण में प्रधानाचार्य से बात कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।”
गौरतलब हो कि मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। कहीं छात्रों के बैठें के लिए बेंच उपलब्ध नहीं है तो कहीं भीषण गर्मी में पीने के पानी की व्यवस्था भी नहीं है।
